प्रभावशाली अंतर्राष्ट्रीय जर्नल्स स्प्रिंगर में प्रकाशित हुआ शोध पत्र
जबलपुर. मध्य प्रदेश के ग्रिड में रिन्यूअल एनर्जी के बढ़ते एकीकरण के बीच, मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के जबलपुर में पदस्थ कार्यपालन अभियंता हितेश तिवारी ने उच्च क्षमता के सोलर पार्क (550 मेगावाट) से बिजली निकासी के लिए तकनीकी एवं आर्थिक दृष्टि से श्रेष्ठ पारेषण प्रणाली का डिजाइन तैयार किया है. यह शोधपत्र बनाने का कार्य इंजीनियर हितेश कुमार तिवारी ने प्रोफेसर डॉ. राजीव कुमार चौहान और प्रोफेसर डॉ. संजय कुमार मौर्य के मार्गदर्शन में किया है.
जर्मनी में हुआ प्रकाशन
इस शोधपत्र का प्रकाशन इंजीनियरिंग क्षेत्र की प्रभावशाली अंतर्राष्ट्रीय जर्नल्स स्प्रिंजर (जर्मनी) में हुआ है, जो कि विश्व के अग्रणी प्रकाशनों में से एक है. शोधपत्र में ट्रांसमिशन नेटवर्क के संचालन में आर्थिक लाभ, विश्वसनीयता और एन-1 आकस्मिकता विश्लेषण को आधार बनाया तथा प्रस्तावित पारेषण प्रणाली की डिजाइन ग्रिड कोड, नियामक प्रावधानों और बड़े पैमाने पर रिन्यूअल एनर्जी निकासी मानकों के अनुरूप है. इसके अलावा शोध में लागत-आधारित उद्देश्य फंक्शन भी विकसित किया गया, जो ट्रांसमिशन नेटवर्क के निर्माण व संचालन की कुल लागत को न्यूनतम करने पर केंद्रित है. पावर सिस्टम सिमुलेशन के परिणाम दर्शाते हैं कि यह डिजाइन न केवल लागत प्रभावी है, बल्कि तकनीकी दृष्टि से भी पूरी तरह व्यवहारिक है और आपात परिस्थितियों में भी ग्रिड की स्थिरता बनाए रखता है.

