मुंबई हमलों के लिए जिम्मेदार आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का मेंबर साउथ कोरिया से गिरफ्तार

सुरक्षा एजेंसियों में बढ़ी बेचैनी, स्थानीय बाजार में क्लर्क का काम कर रहा था संदिग्ध

सियोल. दक्षिण कोरिया की पुलिस ने सियोल के इटावन इलाके से लश्कर-ए-तैयबा के एक पाकिस्तानी आतंकी को गिरफ्तार किया है. यह शख्स लगभग 40 साल का है और वहां एक स्थानीय बाजार में क्लर्क का काम कर रहा था. पुलिस ने बताया कि उस पर आतंकवाद-रोधी कानून और इमिग्रेशन ऐक्ट के उल्लंघन का केस दर्ज हुआ है. सूत्रों के मुताबिक यह आतंकी 2008 में मुंबई पर हुए दर्दनाक हमले से जुड़े नेटवर्क से संपर्क में रहा है। लश्कर-ए-तैयबा वही तंजीम है, जिसने उस हमले में 166 लोगों की जान ली थी. दक्षिण कोरिया में इस तरह का पहला मामला होने से सुरक्षा एजेंसियों में बेचैनी बढ़ी है. बता दें कि भारत दशकों से आतंकवाद के खिलाफ जंग लड़ रहा है. लेकिन अब पाकिस्तानी आतंकियों की पहुंच साउथ कोरिया तक हो चुकी है.

लोकल मार्केट में काम कर रहा था

रिपोर्ट के मुताबिक यह आतंकी पहचान बदलकर लोकल मार्केट के एक स्टोर में काम कर रहा था. ग्योंगगी नम्बू प्रांतीय पुलिस एजेंसी के अधिकारियों ने बताया कि 40 वर्षीय संदिग्ध को आतंकवाद निरोधक अधिनियम और आव्रजन अधिनियम के उल्लंघन में गिरफ्तार किया गया है. उसे दो अगस्त को सियोल के इटावोन-डोंग में पकड़ा गया, जहां वह लोकल मार्केट में काम कर रहा था.

एक व्यवसायी के रूप में साउथ कोरिया आया था

जांचकर्ताओं ने पाया कि संदिग्ध 2020 में पाकिस्तान में लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ. हथियारों के इस्तेमाल और घुसपैठ की रणनीति की ट्रेनिंग ली और संगठन का आधिकारिक सदस्य बन गया. उसने सितंबर में पाकिस्तान स्थित साउथ कोरियाई वाणिज्य दूतावास से हासिल वीजा का इस्तेमाल करके दिसंबर 2023 में साउथ कोरिया में एंट्री ली. वह कथित तौर पर एक व्यवसायी के रूप में साउथ कोरिया आया, जो देश में कारोबार करने का इरादा रखता था.

संदिग्ध की जांच जारी

हालांकि उस पर साउथ कोरिया में किसी भी आतंकवादी घटना की साजिश रचने या उसे अंजाम देने का आरोप नहीं है. लेकिन लश्कर-ए-तैयबा से उसका कनेक्शन आतंकवाद-रोधी अधिनियम की धारा 17 का उल्लंघन करती है, जो आतंकवादी गुटों में शामिल होने पर रोक लगाती है. कथित तौर पर संदिग्ध ने इन आरोपों से इनकार किया है. पुलिस अधिकारी यह पता लगाने के लिए जांच कर रहे हैं कि क्या उसने लश्कर को कोई पैसा भेजा था. ऐसा पहली बार हुआ है कि कोरियाई पुलिस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की ओर से आतंकवादी संगठन घोषित किए गए ग्रुप के किसी सदस्य को गिरफ्तार किया है.

लश्कर कई आतंकवादी घटनाओं के लिए जिम्मेदार है

मई 2005 में अल-कायदा, ओसामा बिन लादेन या तालिबान से जुड़े होने के कारण, लश्कर-ए-तैयबा को एक आतंकवादी संगठन के रूप में लिस्टेड किया गया था. इसने बिन लादेन और इन सगंठनों का समर्थन किया, साथ ही आतंकवादी गतिविधियों के लिए फंडिंग की और अपने प्रॉक्सी संगठन, जमात-उद-दावा के जरिए आतंकी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए ट्रेनिंग, रसद और इंफ्रास्ट्रक्चर में मदद दी. लश्कर कई आतंकवादी घटनाओं के लिए जिम्मेदार है, जिसमें 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम जिले में हुआ आतंकी हमला भी शामिल है, जिसमें 26 लोग मारे गए और 20 घायल हुए. इसके अलावा 2008 के मुंबई हमले में भी लश्कर का हाथ था, जिसमें 160 से ज्यादा लोग मारे गए थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *