एसआईआर मुद्दे पर संसद में हंगामे के बीच विधेयक पारित, लोकसभा और राज्यसभा स्थगित

भारतीय पत्तन विधेयक और खान-खनिज संशोधन विधेयक पारित

दिल्ली. लोकसभा में मंगलवार को वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) मुद्दे पर विपक्ष के हंगामे के बीच भारतीय पत्तन विधेयक, 2025 और खान-खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक, 2025 पारित किए गए. दिनभर तीन बार स्थगन के बाद सदन की कार्यवाही सोमवार (18 अगस्त) सुबह 11 बजे तक के लिए रोक दी गई. अध्यक्ष ओम बिरला और पीठासीन सभापतियों ने हंगामे के बावजूद प्रश्नकाल, शून्यकाल और विधेयक पारित करने की कोशिश की. जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई गई. सरकार ने विपक्ष पर सदन की गरिमा गिराने का आरोप लगाया. राज्यसभा की कार्यवाही भी सोमवार तक के लिए स्थगित हो गई है.

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला

दिल्ली में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ एनएसयूआई मुख्यालय से जंतर-मंतर तक विरोध मार्च निकाला. कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर वोट चोरी के आरोप लगाए, जिसके बाद से ही कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी दल इस मुद्दे पर हमलावर हैं.

सागर में कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन

सागर. दिल्ली में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया. कांग्रेसी बस स्टैंड स्थित दीनदयाल उपाध्याय चौराहे पर जमा हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. कार्यकर्ताओं के हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां थीं. इन पर “वोट चोरी बंद करो” जैसे स्लोगन लिखे हुए थे. प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा. इसी के साथ मौके पर दो फायर ब्रिगेड भी तैनात रहीं. बता दें कि दिल्ली में वोटर वेरिफिकेशन और चुनाव में कथित वोट चोरी के मुद्दे पर विरोध कर रहे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की गिरफ्तारी हुई थी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *