खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित
सागर. कमिश्नर सागर संभाग अनिल सुचारी ने खाद्य और नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को राशन कार्ड धारी उपभोक्ताओं के ईकेवाईसी के कार्य को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि राशनकार्ड धारियों के ईकेवाईसी का कार्य शासन की प्राथमिकता का कार्य है. इसमें किसी प्रकार का गतिरोध उत्पन्न नहीं होना चाहिए.
11 प्रतिशत ईकेवाईसी का कार्य अभी भी शेष

कमिश्नर ने ईकेवाईसी कार्य की जिलेवारी प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि संभाग में लगभग 11 प्रतिशत ईकेवाईसी का कार्य अभी भी शेष है. इस कार्य को प्राथमिकता देते हुए तेजी से पूर्ण कराएं. उन्होंने सागर संभाग में राशन कार्ड धारी हितग्राहियों को राशन वितरण कार्य की जिलेवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि हितग्राहियों को तीन माह का राशन एक साथ मुहैया कराया गया है. इसकी जानकारी सभी को होना चाहिए. कमिश्नर ने निर्देश दिए है कि सभी राशन दुकानों में सूचना पटल में और बैरनों में इसकी जानकारी जारी कराएं कि राशनकार्डधारी उपभोक्ताओं को एक साथ तीन माह का राशन मुहैया कराया है. यह निर्देश कमिश्नर ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक में दिए.
खाद्यान्नों का परिवहन नहीं करने वाली फर्मों को दें नोटिस
बैठक में कमिश्नर ने फोर्टिफाइड खाद्यान्न वितरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए कहा कि सागर संभाग के हितग्राहियों को फोर्टिफाइड खाद्यान्न मुहैया कराया जा रहा है अथवा नहीं इसकी सतत मॉनीटरिंग करें तथा इसकी जांच भी कराएं. बैठक में खाद्यान्न उठाव एवं वितरण कार्य की भी समीक्षा की. धान मीलिंग एवं कार्यक्रम की जिलेवार समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि संभाग के धान उत्पाद जिलों में धान मिलिंग का कार्य सतत रूप से चलना चाहिए. इस कार्य में किसी भी प्रकार का गतिरोध नहीं आना चाहिए. कमिश्नर ने निर्देश दिए कि धान और अन्य खाद्यान्नों का परिवहन नहीं करने वाली फर्मों को नोटिस जारी करें तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें.
शत-प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित की जाए
बैठक में कमिश्नर ने उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की. उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित मसाला क्षेत्र विस्तार योजना, हाईब्रिड सब्जी विस्तार योजना, संरक्षित खेती योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि इन योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित की जाए. निर्देश दिए कि संभाग के सभी जिलों में उद्यानिकी फसलों की विपुल संभावनाएं हैं. मैदानी उद्यानिकी विभाग के अधिकारी किसानों से सतत संपर्क स्थापित करें तथा उन्हें शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देकर उद्यानिकी फसलें लगाने के लिए प्रोत्साहित करें.
वर्मीकम्पोस्ट इकाई एवं कृषि यंत्रीकरण योजनाओं की भी समीक्षा की
बैठक में संयुक्त संचालक उद्यान सागर संभाग ने बताया कि संभाग में किसानों को सब्जियों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. वहीं नवीन बगीचों को स्थापित करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि फल क्षेत्र विस्तार योजना, ड्रिप एरीगेशन योजना का लक्ष्य लगभग पूर्ण कर लिया है. संभाग को धरती आबा कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न योजना के अंतर्गत जो लक्ष्य प्राप्त हुआ था. इसके हितग्राहियों का चयन किया जा रहा है. बैठक में कमिश्नर ने उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित सैडनेट, प्लास्टिक मल्चिंग, वर्मीकम्पोस्ट इकाई एवं कृषि यंत्रीकरण योजनाओं की भी समीक्षा की. बैठक में संयुक्त आयुक्त विकास राकेश शुक्ला भी मौजूद रहे।

