जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने ग्राम पंचायत तेवरा को प्रथम और हिंडोरिया को द्वितीय पुरस्कार दिया
सागर. पंचायत उन्नति सूचकांक PAI 1.0 वर्ष 2022-23 का विमोचन एवं प्रचार प्रसार के लिए जिला स्तरीय कार्यशाला हुई. यह आयोजन जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत की अध्यक्षता में हुआ. इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक केव्ही एवं जिला पंचायत सदस्य सर्वजीत सिंह ठाकुर, देवेंद्र सिंह, तुलाराम अहिरवार, राजेश राय, भारती गौड़ भी मौजूद रहे. इस दौरान पंचायत उन्नति सूचकांक PAI 1.0 वर्ष 2022-23 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली 20 ग्राम पंचायतों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.
9 विषयों पर जिले की 20 पंचायतों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में पंचायत एवं जिला विकास के 9 विषयों पर जिले की 20 पंचायतों को सम्मानित किया, जिसमें सशक्त पंचायत सतत विकास की अवधारणा के साथ पंचायतों को सशक्त बनाने, उनके कामकाज को पारदर्शी और कुशल बनाने के लिए किए गए कार्य के आधार पर जिले की पंचायतों को पंचायत विकास सूचकांक में जिले उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खुरई की ग्राम पंचायत तेवरा को प्रथम पुरस्कार के रूप में राशि 11 हजार, जनपद बंडा की ग्राम पंचायत हिंडोरिया को द्वितीय पुरस्कार 7 हजार 100, ग्राम पंचायत रजौआ जनपद मालथौन को तृतीय पुरस्कार 5 हजार 100 एवं सात ग्राम पंचायतों रजौआ, बहरोल , देवपुरा, हिनोतिया कलां चौका पठारी, बमनोरा, सिपुर खास एवं बटयावदा को 21 सौ रुपए की राशि के चेक एवं प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए. साथ ही अन्य 10 ग्राम पंचायतो को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए.
सामाजिक आर्थिक संकेतकों का उपयोग करके पंचायतों के विकास कार्य करें
जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत ने सम्मानित पंचायतों के प्रतिनिधियों, कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा है कि आप लोगों ने जो कार्य किए हैं वे निश्चित ही सराहनीय हैं. अब आवश्यकता हैं. आगामी दिनों में अपने क्षेत्र में शासन की मंशा अनुरूप और बेहतर कार्य करें, जिससे आमजन को इसका सीधा लाभ मिल सकें. आप सभी अपने क्षेत्र में सामाजिक आर्थिक संकेतकों का उपयोग करके पंचायतों के विकास कार्य करें, जिससे अन्य पंचायत भी आपसे प्रेरणा लेकर अपनी पंचायत को बेहतर बना सके .
जिले की ग्राम पंचायत प्रदेश एवं देश स्तर पर भी हो सम्मानित – सीईओ
मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक केव्ही ने कहा कि आगे ग्राम पंचायतें पंचायत उन्नति सूचकांक PAI 2.0 में अच्छा और बेहतर प्रयास करेगी और श्रेष्ठ स्कोर अर्जित करेगी, जिससे जिले की ग्राम पंचायत प्रदेश एवं देश स्तर पर भी सम्मानित हो सके. कार्यक्रम का संचालन झनक सिंह कुहकुटे, राहुल दुबे एवं राहुल खरे ने किया. कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच-सचिव व रोजगार सहायक उपस्थित रहे।

