हमारे जिले की अपनी क्षमताएं, आकांक्षाएं, अवसर और चुनौतियां हैं, यही जिले को विशेष बनाती हैंः कलेक्टर

कलेक्टर संदीप जीआर ने किया ध्वजारोहण

सागर. स्वतंत्रता दिवस समारोह में कलेक्टर संदीप जीआर ने परेड की सलामी लेकर ध्वजारोहण किया. इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन हुआ. मुख्यमंत्री ने संदेश में कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया के समक्ष भारत के शौर्य को प्रदर्शित किया है. हमारी सेना ने जिस तरह पड़ोसी शत्रु को मुंहतोड़ जवाब दिया, वह बेमिसाल है. भारतीय सेना आधुनिकतम तकनीक का उपयोग भी कर रही है. प्रधानमंत्री ने सशक्त मनोबल के साथ संपूर्ण राष्ट्र के नागरिकों के मन में गर्व की भावना का संचार किया है. आज भारत के इस साहस की गूंज विश्व के कोने-कोने में है.

मुख्यमंत्री के संदेश का हुुआ वाचन

मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर संदीप जीआर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर जिले के सभी नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएं. आनंद और उमंग के इस अवसर पर अभी हमने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संबोधन सुना. प्रदेश की प्रगति और जन-कल्याण पर मुख्यमंत्री जी की दूरदर्शिता और ओजस्वी वक्तव्य ने निश्चित ही हम सबमें उल्लास का संचार कर दिया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर और विकसित भारत के विजन को लेकर मुख्यमंत्री ने आत्मनिर्भर और विकसित मध्यप्रदेश का जो रोडमैप बनाया है, उससे निश्चित ही प्रदेश प्रगति का नया अध्याय लिखेगा.  भाइयों-बहनों, हम विकसित मध्यप्रदेश का लक्ष्य साकार करने के लिए विकसित जिले की संकल्पना और योजना के साथ हम आगे बढ़ रहे हैं. हमारे जिले की अपनी क्षमताएं, आकांक्षाएं, अवसर और चुनौतियां हैं। यही हमारे जिले को विशेष बनाती हैं. डेढ़ वर्ष में जिले की उपलब्धियां और नवाचार हमारी प्रगति की साक्षी हैं. जिले ने औद्योगिक विकास में मील का पत्थर स्थापित करते हुए 27 सितंबर 2024 को आयोजित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में 23 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त किए हैं. यह इंडस्ट्री कॉन्क्लेव स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी. उद्योग लगेंगे, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.

फ्रूट फॉरेस्ट योजना की गई प्रारंभ

जिले में पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने के लिए फ्रूट फॉरेस्ट योजना प्रारंभ की गई. इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 10 लाख फलदार पौधे लगाए जा रहे हैं, जिनमें से 1 लाख पौधे पहले ही रोपित किए जा चुके हैं. चिकित्सा क्षेत्र में डॉक्टरों की कमी को पूरा करने के लिए उड़ान कार्यक्रम शुरू किया गया. शासकीय छात्रावासों में निवासरत छात्र-छात्राओं को नीट परीक्षा की कोचिंग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है. पोषण सुरक्षा को मजबूत करने के लिए जिले के 2 हज़ार 633 आंगनवाड़ी केंद्रों में किचन गार्डन विकसित किए गए हैं. चुकंदर, पालक, गाजर, मुनगा एवं मुनगा के फूलों से तैयार रंगीन रोटी के माध्यम से बच्चों को पोषणयुक्त भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है.

100 से अधिक प्रभावित परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति दी

सामाजिक न्याय को बढ़ावा देते हुए दिव्यांग जनों के लिए विशेष जनसुनवाई की शुरुआत की गई है. दिव्यांगों के लिए पृथक कक्ष निर्धारित कर उनकी समस्याओं का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है. न्यायिक क्षेत्र में कार्यालय कलेक्टर न्यायालय ने मध्यप्रदेश में सर्वप्रथम 5 हजार 606 प्रकरणों का निराकरण कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है. श्रद्धांजलि कार्यक्रम के माध्यम से मृतक के आश्रितों को समयबद्ध और सम्मानजनक सहायता प्रदान की गई. इस कार्यक्रम के अंतर्गत 100 से अधिक प्रभावित परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की गई एवं 9 हज़ार 693 फौती नामांतरण प्रकरणों का निराकरण किया गया.

आदिवासियों की 100 एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया

स्वच्छता सर्वेक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नगर निगम सागर को राष्ट्रीय स्तर पर 10वीं, नगर पालिका परिषद रहली को 4वीं तथा नगर पालिका परिषद खुरई को 7वीं रैंक प्राप्त हुई है. शिक्षा के क्षेत्र में सत्र 2024-25 में कक्षा दसवीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा का परिणाम विगत वर्ष की तुलना में 15ः की बढ़ोतरी के साथ उत्कृष्ट रहा है. भूमि सुधार के क्षेत्र में आदिवासियों की 100 एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर भू-स्वामियों को सौंपी गई. सागर के इतिहास में पहली बार 699 तालाबों का सीमांकन पूर्ण कर उन्हें अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए मुनारे स्थापित किए गए हैं.

आइए संकल्प लें कि हमारा जिला आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की आधारशिला बनेगा

जिले में मुख्यमंत्री गौसेवा योजना के तहत 36 गौशालाओं में लगभग 4 हज़ार गौवंशों का संरक्षण और 22 अशासकीय गौशालाओं में 12 हज़ार गौवंशों का संरक्षण किया जा रहा है. जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 35 हजार 395 स्वीकृत आवासों में से 6 हजार 963 आवास पूर्ण हो चुके हैं। शहरी प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 के तहत 73 हज़ार 447 स्वीकृत आवासों में से 66 हज़ार 980 आवास पूर्ण हो गए हैं. साथ ही शहरी प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 अंतर्गत कुल 1 हजार 965 आवास स्वीकृत किये जा चुके है. स्वास्थ्य सेवाओं में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 13 लाख 70 हज़ार 768 आयुष्मान कार्ड जारी किए गए हैं, जो कुल लक्ष्य का 86.60 है. जल सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जलजीवन मिशन के अंतर्गत कुल 2 लाख 25 हजार 274 घरों में नल से जल उपलब्ध कराया जा रहा है. हम सभी मिलकर सागर को एक आदर्श जिले के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. विकसित मध्यप्रदेश के सपने को साकार करने का लक्ष्य जिलों से ही गुजरता है. आइए संकल्प लें कि हमारा जिला विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की आधारशिला बनेगा. हमारा संयुक्त सामर्थ्य एवं योजनाबद्ध प्रयास मध्यप्रदेश की शक्ति और पूंजी है. आप सबको इस अवसर पर पुनः स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं.

आकर्षक मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए

स्वाधीनता दिवस समारोह में परेड कमांडर उप पुलिस अधीक्षक प्रतीभा जैन के नेतृत्व में परेड सशस्त्र जेएनपीए, जिला पुलिस बल महिला सागर, पुलिस प्रशिक्षण बल पुरूष सागर,  परेड नि-शस्त्र – 7 एमपी एनसीसी बालिका, 11 एमपी एनसीसी बालक, शौर्य दल सागर एवं पुलिस बैंड प्लाटून द्वारा आकर्षक मार्च पास्ट किया गया। समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशप्रेम से ओत प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई. सभी देश भक्ति पूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रमों को दर्शकों ने काफी सराहा. कलेक्टर ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं लोक तंत्र सेनानियों को शाल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया गया. इसी के साथ उत्कष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया. उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुति करने वाले लिटिल स्टार शैलेष मेमोरियल स्कूल, सीएम राइज एमएलबी क्रमांक 1 एवं शास. उ.मा.वि.की छात्र-छात्राओं एवं मार्च पास्ट में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से सम्मानित भी किया.  कार्यक्रम का संचालन अरविंद जैन एवं रचना तिवारी ने किया एवं आभार संयुक्त कलेक्टर आरती यादव ने माना.

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर सासंद लता वानखेडे, विधायक शैलेन्द्र जैन, महापौर संगीता सुशील तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, कमिश्नर अनिल सुचारी, उप पुलिस महानिरीक्षक सुनील पांडे, सीसीएफ रिपुदमन सिंह भदौरिया, पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, जनसमुदाय एवं बडी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *